Kullu: भुंतर में महाराष्ट्र नंबर की गाड़ी ने बरपाया कहर, 22 साल की युवती AIIMS बिलासपुर रैफर
punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 03:10 PM (IST)
कुल्लू (संजीव): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में भुंतर के समीप शाढ़ाबाई में एक सड़क हादसा सामने आया है। यहां काली माता मंदिर के सामने एक तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, गाड़ी की चपेट में आने से एक 22 वर्षीय युवती घायल हो गई है, जिसे एम्स बिलासपुर रैफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय पेश आया जब हरियाणा राज्य के फतेहगढ़ का रहने वाला एक परिवार शाढ़ाबाई के पास सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक महाराष्ट्र नंबर की तेज रफ्तार गाड़ी (MH 04 MZ 5889) वहां आई और अनियंत्रित होकर परिवार के लोगों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि परिवार के लोगों को अपनी चपेट में लेने के बाद गाड़ी पास ही स्थित एक भवन से जा टकराई। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
इस हादसे में परिवार के 3 लोग तो किसी तरह खुद को बचाने में कामयाब रहे लेकिन 22 वर्षीय युवती कोमल को गंभीर चोटें आई हैं। घायल कोमल को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। कुल्लू अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया, फिर उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रैफर कर दिया गया है। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और गाड़ी सवार एक व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के स्पष्ट कारणों का पता चल पाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

