Kullu: बेटी के ससुराल गया था परिवार...पीछे से घर में हो गई वारदात, पुलिस जांच में जुटी

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 03:46 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला जिला के शिरढ़ गांव से सामने आया है, जहां शातिर चोरों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने मकान में सेंधमारी कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में शिरढ़ गांव के रहने वाले प्रेम चंद ने बताया कि वह और उनकी पत्नी 20 अक्तूबर को अपनी बेटी के ससुराल (रोपा बजौरा) गए हुए थे। घर पर कोई मौजूद नहीं था। जब वे दो दिन बाद 22 अक्तूबर को वापस अपने घर लौटे तो देखा कि मकान के दोनों मुख्य दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। जब वे घबराकर अंदर गए, तो देखा कि घर का सारा सामान बुरी तरह से बिखरा हुआ पड़ा था।

पीड़ित परिवार ने जब घर के सामान और अलमारियों की जांच की, तो उनके होश उड़ गए। शातिर चोरों ने घर में रखे करीब 2 लाख रुपए की कीमत के सोने और चांदी के गहने चुरा लिए थे। इसके अलावा घर में रखे लगभग 17,000 रुपए नकद भी गायब थे। चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए बड़े आराम से इस वारदात को अंजाम दिया।

चोरी की इस वारदात की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रेम चंद की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3) और 305 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच चल रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और चोरी किए गए आभूषणों व नकदी की बरामदगी कर ली जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News