Kullu: मकान में सेंध लगाकर चोरों ने उड़ाए लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण
punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 09:14 PM (IST)
कुल्लू (शम्भू): बजौरा के शाढ़ीनाला में एक मकान में सेंध लगाकर चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। पुलिस के अनुसार तेंजिंग ददेन भूटिया निवासी शाढ़ीनाला बजौरा ने थाना भुंतर में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह परिवार सहित 28 सितम्बर को मुम्बई गए थे और घर पर कोई नहीं था। 13 अक्तूबर को जब घर वापस लौटे तो देखा कि घर का दरवाजा खुला था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
लॉकर तोड़ कर 75 तोला चांदी और सोने का लॉकेट 3 तोला, 3 सोने की अंगूठियां, सोने की रिंग और कान की बाली, सोने की चेन और 12 कांसे की थालियां व 35,000 रुपए कैश इत्यादि गायब पाए गए। 8 तोले की ब्रेसलैट भी चोरी हुई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए), 331(3) के तहत मामला दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
कुछ दिन पहले दिन-दिहाड़े सुनार की दुकान में चोरी
कुछ दिन पहले एक शातिर ने दिन-दिहाड़े बजौरा में एक सुनार की दुकान में चोरी की। सुनार की पत्नी दुकान में थी और शातिर आभूषण खरीदने के बहाने दुकान में आया। इस दौरान शातिर ने सोने के आभूषण चुरा लिए। जब दुकानदार को सोना कम प्रतीत हुआ तो सीसीटीवी फुटेज काे खंगाला और शातिर आभूषण चोरी करता हुआ पाया गया।

