Bilaspur: चाेराें के हाैसले बुलंद, घर की खिड़की ताेड़ चुराए नकदी और बर्तन...कंबल पर भी किया हाथ साफ
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 03:42 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर जिले के सदर तहसील अंतर्गत पुलिस चौकी खारसी क्षेत्र में चोरी की एक वारदात सामने आई है। चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए वहां से नकदी और कीमती घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता राजपाल निवासी गांव करोट बलडा, डाकघर डोभा व तहसील सदर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोर कमरे में रखे संदूक और अलमारी खंगालकर करीब 4000 रुपए की नकदी चुरा ले गए। इसके अलावा चोर घर से पीतल और कांसे के पुराने बर्तन तथा कंबल आदि सामान भी लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का मुआयना किया। पीड़ित राजपाल की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बरमाणा में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों का पता लगाने में जुट गई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

