बागियों को मनाने की कोशिश में है पार्टी का शीर्ष नेतृत्व : अनुराग
punjabkesari.in Friday, Oct 08, 2021 - 03:00 PM (IST)

सोलन : पार्टी से बागी हुए नेताओं को मनाने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री समेत भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस कार्य में जुटा हुआ है। यह बात केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को अर्की जाते हुए कुछ समय के लिए धर्मपुर में रूकने के दौरान पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। धर्मपुर पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इससे पहले परवाणू के टीटीआर चौक पर भाजपा मंडल कसौली के कार्यकर्ताओं ने अनुराग ठाकुर का स्वागत किया।
इस दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तीन विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर पहले से ज्यादा वोटों से बहुमत हासिल करेगी। वहीं उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जिसे जो करना है वह कर सकता है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने सभी जगहों पर सोच समझकर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इन्हें जिताने का प्रयास पार्टी व संगठन करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उपचुनावों को लेकर सोच समझ कर निर्णय लिया है। टिकट भी उन्होंने तय की है। उपचुनावों के लिए सभी भाजपा कार्यकर्ता एक होकर पार्टी के लिए काम करेंगे। उन्होंने दावा किया कि पार्टी चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी।