Kangra: चिट्टे के साथ गिरफ्तार आरोपी को भेजा पुलिस रिमांड पर

punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 06:03 PM (IST)

ठाकुरद्वारा (गगन): नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की डमटाल पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर आरोपी रजत कुमार को गिरफ्तार किया है। अदालत में पेशी के बाद आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार थाना डमटाल में दर्ज एक मामले में पुलिस ने पहले 262 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया था। जांच के दौरान सामने आया कि इस मामले में रजत कुमार सह-आरोपी के तौर पर शामिल था। आरोपी रजत कुमार निवासी छन्नी तहसील इंदौरा पहले से ही एक अन्य मामले में न्यायालय की प्रक्रिया से अनुपस्थित रहने के कारण उद्घोषित अपराधी घोषित किया जा चुका था।

हाल ही में उसे पुराने मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इसके बाद नूरपुर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कस्टडी ट्रांसफर के माध्यम से मुकद्दमा संख्या 127/24 में भी उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में आरोपी के आदतन और शातिर नशा तस्कर होने की बात सामने आई है। उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश और पंजाब में कुल 6 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। नूरपुर पुलिस के अनुसार बीते एक सप्ताह में नशा तस्करी मामलों में यह चौथी बड़ी गिरफ्तारी है और नैटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News