Kangra News: दामाद के साथ मिलकर सास घर में चला रही थी नशे का कारोबार, पुलिस ने चिट्टे सहित रंगे हाथों धरा
punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 07:17 PM (IST)
इंदौरा (अजीज): नशा तस्करों के खिलाफ नूरपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस उपमंडल इंदौरा के अंतर्गत आते डमटाल थाना की टीम ने गांव छन्नी में एक घर पर छापेमारी कर चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया है। इस नशे के अवैध कारोबार में पुलिस ने एक महिला और उसके सगे दामाद को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गश्त के दौरान मिली थी गुप्त सूचना
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रैस नोट के अनुसार बुधवार को डमटाल थाना की टीम इलाके में गश्त और नशा विरोधी अभियान पर थी। इसी बीच पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि गांव छन्नी की रहने वाली पिंकी अपने दामाद आकाशदीप के साथ मिलकर अपने ही घर से चिट्टा बेचने का काम कर रही है। इस सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई।
पहली मंजिल पर अलमारी के पास छुपाया था नशा
सूचना के आधार पर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी की और गवाहों की मौजूदगी में आरोपी महिला के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान जब पुलिस टीम पहली मंजिल पर बने कमरे में पहुंची, तो वहां लकड़ी की अलमारी के पास रखे नीले प्लास्टिक स्टैंड की ट्रे से एक काले रंग का लिफाफा बरामद हुआ। इस लिफाफे में हल्का भूरा और सफेद रंग का पाऊडर मौजूद था। पुलिस ने मौके पर ही ड्रग डिटैक्शन किट की मदद से बरामद पाऊडर की जांच की, जिसमें उसके हैरोइन (चिट्टा) होने की पुष्टि हो गई। इसके बाद इलैक्ट्रॉनिक तराजू से इसका वजन किया गया, जो 11 ग्राम पाया गया। पुलिस ने तुरंत बरामद नशीले पदार्थ को सील कर अपने कब्जे में ले लिया।
पंजाब का रहने वाला है आरोपी दामाद
इस मामले में पुलिस ने सास और दामाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 36 वर्षीय पिंकी निवासी गांव छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा तथा उसके 26 वर्षीय दामाद आकाशदीप निवासी गांव महताबपुर, तहसील मुकेरियां, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।
सप्लाई चेन और नैटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध डमटाल पुलिस थाना में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि बरामद किया गया यह चिट्टा कहां से लाया गया था, इसकी सप्लाई आगे किसे की जानी थी और इस नैटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

