Kangra: कंडैखा गांव में चोरी मामले में जम्मू-कश्मीर का आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 09:13 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): पट्टी क्षेत्र के कंडैखा गांव में दिनदहाड़े घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहने चोरी करने के मामले में पालमपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वसीम अकरम पुत्र अब्दुल सत्तार, निवासी तहसील व थाना बनी, जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 23 जुलाई को ग्राम पंचायत बड़ेहड़ निवासी अशोक कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि जब वह पालमपुर अपने कार्य पर गए हुए थे और उनकी पत्नी पड़ोस में शोक प्रकट करने गई थीं, तभी अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गए।

चोरी हुए सामान में सोने की बालियां, कंठियां, टॉप्स, नाक की बेसर, मांगटीका, अंगूठी, झुमके तथा दो जोड़ी चांदी की पायल और दो चांदी के बिछुए शामिल थे।मामले की जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। डीएसपी सुनील राणा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News