Kangra: कंडवाल बैरियर पर बस सवार युवक चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 05:53 PM (IST)
नूरपुर (रूशांत): नूरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंडवाल पुलिस बैरियर पर बस से 10.16 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद किया। नूरपुर की सीआईए टीम ने कंडवाल पुलिस बैरियर के पास चैकिंग के दौरान एक बस में सवार 19 वर्षीय युवक को 10.16 ग्राम प्रतिबंधित चिट्टे (हैरोइन) के साथ पकड़ा गया है। दोपहर में पठानकोट की तरफ से आ रही बस की चैकिंग के दौरान बस में बैठा एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और उतरने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोका और उसकी तलाशी ली तो आरोपी की जेब से एक पारदर्शी प्लास्टिक लिफाफे से 10.16 ग्राम चिट्टा मिला। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को मौके पर ही सील कर अपने कब्जे में ले लिया।
इसके अलावा आरोपी के पास से पठानकोट से शाहपुर की बस टिकट तथा एक स्मार्ट फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी कर्तव्य पठानिया निवासी गांव ठम्बां, शाहपुर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस इस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। जांच इस बात पर केंद्रित है कि आरोपी यह हेरोइन (चिट्टा) कहां से लाया था और इसे किसे डिलीवर किया जाना था।

