शिमला में सुक्खू ने कार्यकर्ताओं को पढ़ाया एकजुटता का पाठ, बोले-सामूहिक होकर लड़ेंगे चुनाव

punjabkesari.in Wednesday, May 04, 2022 - 10:37 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष बनने के बाद ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू पहली बार शिमला पहुंचे। ऐसे में उनके समर्थकों ने स्वागत समारोह के बहाने भीड़ जुटाकर शक्ति प्रदर्शन भी किया। राजीव भवन पहुंचने पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ  पढ़ाया। सुक्खू ने मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस योग्य पार्टी है और उसके पास योग्य नेता हैं। ऐसे में कोई भी मुख्यमंत्री बन सकता है। मुख्यमंत्री सिरमौर, हमीरपुर, शिमला, मंडी व कांगड़ा के साथ ही कहीं से भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने के लिए कई लोगों के नामों पर चर्चा हुई लेकिन हाईकमान की शर्त थी कि प्रदेशाध्यक्ष चुनाव नहीं लड़ेगा, ऐसे में सांसद प्रतिभा सिंह का नाम सभी की सहमति से एक स्वर में फाइनल हुआ। उन्होंने कहा कि पार्टी ने निर्णय लिया है कि जो अध्यक्ष होगा, वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगा। आगे भी यही व्यवस्था रहेगी।  

स्वर्गीय वीरभद्र के जज्बे को किया सलाम
सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि उनसे उन्होंने राजनीति के कई गुर सीखे। उन्होंने कहा कि वे आम परिवार से संबंध रखते हैं और उन्हें खुशी है कि पार्टी हाईकमान ने उन्हें उस चुनाव प्रचार समिति की कमान सौंपी, जो पहले वीरभद्र सिंह के पास होती थी। उन्होंने वरिष्ठ नेत्री विद्या स्टोक्स, आनंद शर्मा, विप्लव ठाकुर, कौल सिंह ठाकुर का भी राजनीति में आगे बढऩे के लिए सहयोग किए जाने को लेकर आभार जताया। सुक्खू ने कहा कि 5 मई को चौड़ा मैदान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकता और जोश की रैली होगी। 

ये विधायक रहे मौजूद
राजीव भवन में आयोजित स्वागत समारोह में पार्टी के कई विधायक मौजूद रहे। इनमें हर्षवर्धन चौहान, रोहित ठाकुर, विक्रमादित्य सिंह, सतपाल रायजादा, अनिरुद्ध सिंह, संजय अवस्थी, लखविंद्र सिंह राणा शामिल थे। इसके साथ ही कई पूर्व विधायकों ने भी हाजिरी भरी। कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन के अलावा सोहन लाल ठाकुर, सोहन लाल, राम कुमार, विनोद सुल्तानपुरी, जितेन्द्र चौधरी, अनुराग शर्मा, यशवंत छाजटा, नेगी निगम भंडारी, यदोपति ठाकुर, नरेश चौहान समेत कई लोग यहां पर पहुंचे हुए थे। 

बढ़ती महंगाई-बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
सुक्खू ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अच्छे दिनों का सपना दिखाने वाली सरकार के सभी वायदे खोखले साबित हुए हैं। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार के पास अपने साढ़े चार के कार्यकाल की ऐसी कोई भी उपलब्धि नहीं है, जिसके नाम पर वह जनता के बीच जाकर वोट मांग सकें।

होर्डिंग से वीरभद्र सिंह की फोटो गायब
सुक्खू के स्वागत समारोह के तहत जगह-जगह होर्डिंग्स भी लगाए गए थे। ऐसा ही एक होर्डिंग पार्टी मुख्यालय के गेट से ऊपर की तरफ लगाया गया था लेकिन उससे वीरभद्र सिंह की फोटो गायब थी। हालांकि उस होर्डिंग में नवनियुक्त पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह का फोटो सुक्खू व अन्य नेताओं के साथ लगा हुआ था।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News