भाजपा के दौर में अमीर और अमीर व गरीब और गरीब हुआ : राणा
punjabkesari.in Monday, Jun 27, 2022 - 08:04 PM (IST)

सुजानपुर (ब्यूरो) : देश की जनता को आदर्शवाद व राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने वाली भाजपा खुद पूंजीवाद के ढर्रे पर चलती हुई सता हासिल करने के लिए क्या-क्या हथकंडे अपना सकती है व किस निम्न स्तर पर जा सकती है, इस बात को 8 साल से पूरा देश देख रहा है। यह बात प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने जारी प्रैस बयान में कही है। राणा ने कहा कि चुनी हुईं सरकारों को अस्थिर करना व अपना कब्जा जमाना भाजपा का एकमात्र एजैंडा है, जिसके लिए भाजपा अपने धन-बल का भरपूर प्रयोग करती है। महाराष्ट्र में सरकार को अस्थिर करने व विधायकों को 50-50 करोड़ में खरीदने के आरोप इस तथ्य को पुख्ता करते हैं कि भाजपा सच में ही दुनिया की सबसे बड़ी पूंजीपति पार्टी बन चुकी है।
लेकिन सवाल यह उठता है कि भाजपा को अमीर बनाने वाला यह धन आया कहां से। भाजपा राज में लोकतंत्र की यह सबसे बदसूरत तस्वीर देश की जनता के सामने है। राणा ने कहा कि अब अगर भाजपा के हावी होते पूंजीवाद से छुटकारा पाना है तो देश की जनता को एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ वोट की चोट करते हुए खड़ा रहना होगा। राणा ने कहा कि भाजपा के दौर में अमीर और अमीर हुआ है और गरीब और गरीब हुआ है। देश की अर्थव्यवस्था तबाही की कगार पर है। लगातार बढ़ती बेरोजगारी व महंगाई से भुखमरी की नौबत आ चुकी है। इसी दौर में भाजपा सबसे अमीर पार्टी कैसे बन गई, यह सोचने नहीं बल्कि समझने की भी बात है और जनता को इसे समझना होगा।
युवा वर्ग की बैठक में कई युवाओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने सुजानपुर विकास खंड के तहत आने वाली ग्राम पंचायत चबूतरा में युवा वर्ग द्वारा आयोजित की गई एक बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि वह सुजानपुर की समस्याओं व समाधान के लिए हरदम तत्पर व वचनबद्ध हैं। इस बैठक में दर्जनों युवाओं ने अग्निपथ योजना के विरोध में भाजपा छोड़ कांग्रेस का हाथ थामा है। युवाओं ने कहा कि जो पार्टी युवाओं के भविष्य व हितों से खिलवाड़ कर रही है, उस पार्टी को युवा बाहर करने के बाद ही दम लेंगे।