''महाराणा प्रताप ने लड़ी हर वर्ग के हक की लड़ाई'', मुकेरियां में अभिषेक राणा ने युवाओं में भरा जोश

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 04:53 PM (IST)

मुकेरियां/हमीरपुर: पंजाब के मुकेरियां स्थित मनकोटिया पैलेस में ‘हल्दी घाटी की माटी, स्वाभिमान का तिलक’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस समारोह में हिमाचल प्रदेश सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक राणा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की याद में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गण्यमान्य लोगों सहित भारी संख्या में जनसमूह ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि अभिषेक राणा ने कहा कि शूरवीर महाराणा प्रताप का जीवन साहस, अदम्य त्याग और स्वाभिमान की सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कहा कि बप्पा रावल, महाराणा सांगा और महाराणा प्रताप जैसे वीर योद्धाओं के साथ-साथ उनके स्वामीभक्त अश्व 'चेतक' ने भी इतिहास के पन्नों में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। राणा ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि महाराणा प्रताप ने किसी एक वर्ग नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर अपनी मातृभूमि की रक्षा और लोगों के अधिकारों के लिए कड़ा संघर्ष किया था।

PunjabKesari

अभिषेक राणा ने जनसभा में मौजूद युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि वे इन महान वीरों के जीवन और उनके उच्च आदर्शों से प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि युवाओं को सिर्फ इतिहास पढ़ना ही नहीं चाहिए, बल्कि उन आदर्शों को अपने आचरण में भी उतारना चाहिए। समाज के उत्थान के लिए युवाओं को मिल-जुलकर काम करने की सलाह देते हुए राणा ने स्पष्ट किया कि आपसी एकता, भाईचारा और एक-दूसरे का सहयोग ही किसी भी समाज को वास्तविक रूप से मजबूत बनाता है।

इस कार्यक्रम में राम राज्य मिशन के अध्यक्ष राजिंदर सिंह नरूका ने वशिष्ठ अतिथि के रूप में शिरकत की। सभा को संबोधित करते हुए नरूका ने भी सामाजिक एकता की महत्ता पर प्रकाश डाला और जनकल्याण के लिए सभी के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य आयोजक ठाकुर कमलजीत सिंह के अलावा प्रदीप कटोच, एडवोकेट सरबजीत, विकास मनकोटिया, संग्राम सिंह और सचिन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News