Kangra: पालमपुर में वोट डकैती का आरोप, भाजपा ने हाईकोर्ट और चुनाव आयोग जाने की दी चेतावनी
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 07:29 PM (IST)
धर्मशाला (जिनेश): भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने एसआईआर को लेकर धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पर मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पालमपुर में सामने आया मामला उनके अनुसार पश्चिम बंगाल में सामने आए कथित फर्जीवाड़े जैसा है और भाजपा ने अपने स्तर पर इसकी जांच की है। कपूर ने दावा किया कि पालमपुर नगर निगम में कथित तौर पर हुई वोट डकैती से जुड़ी जानकारी भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने आरटीआई के माध्यम से जुटाई है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान कुछ ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें संबंधित व्यक्तियों के वोट, मकान नंबर और ईपीआईसी नंबर समेत विभिन्न तथ्य दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि यदि इस स्तर पर मतदाता सूची में कथित अनियमितताएं हुई हैं तो सूची में शामिल 1627 लोगों के संबंध में भी सवाल उठते हैं।
कपूर ने कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा उच्च न्यायालय और चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाएगी। आवश्यकता पड़ने पर सी.बी.आई. जांच की मांग भी की जाएगी। भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी देशभर में एसआईआर को लेकर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को पालमपुर में लगाए गए इन आरोपों पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले की निष्पक्ष और पूरी जांच करवाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

