परवाणु में प्रदेश की पहली पुष्प मंडी शुरू, मंत्री वीरेंद्र कंवर ने किया लोकार्पण

punjabkesari.in Friday, Jan 07, 2022 - 08:04 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश की पहली पुष्प मंडी शुक्रवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, पशुपालन तथा मत्स्य मंत्री वीरेंद्र कंवर ने जनता को समर्पित कर दी। जिले के परवाणु में इस मंडी के निर्माण पर करीब अढ़ाई करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने लोकार्पण के उपरांत उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि एवं बागवानी क्षेत्र प्रदेश की आर्थिकी की रीढ़ है व इसे सुदृढ़ करने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने इस अवसर पर टर्मिनल मंडी परवाणु में स्थित पार्किंग के 82.97 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले इंटरलॉकिंग टाइल्स के कार्य का शिलान्यास भी किया।
PunjabKesari, Minister Image

वीरेंद्र कंवर ने कहा कि दिल्ली के बाजार में 25 प्रतिशत पुष्प हिमाचल से जाते हैं। प्रदेश के बागवान अपने पुष्प परवाणु पुष्प मंडी में विक्रय कर अच्छा लाभ अर्जित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की दूसरी पुष्प मंडी ऊना जिले में स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई कृषि मंडियों के निर्माण एवं रखरखाव पर 260 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में केसर के उत्पादन पर कार्य किया जा रहा है। दालचीनी के उत्पादन के लिए सोलन सहित कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर तथा सिरमौर जिलों में 10 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 1.50 लाख किसानों द्वारा प्राकृतिक खेती की जा रही है। उन्होंने कहा कि परवाणु में किसानों के लिए किसान विश्रामगृह का निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने पुष्प मंडी परवाणु में आढ़तियों की मांग पर 10 दुकानों के किराए को आधा करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में निर्णय ले रही है। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों से 2.50 लाख क्विंटल धान की खरीद की गई है। अगले वर्ष से किसानों के धान व गेहूं की खरीद की जाएगी। उन्होंने बनलगी में हर्बल मंडी एवं परवाणु में राज्य की प्रथम पुष्प मंडी शुरू होने प्रदेश के किसानों को बधाई दी।
PunjabKesari, Rally Image

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सहजल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने 4 वर्ष के कार्यकाल में राज्य में विकास के कई आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि कसौली में उपमंडलाधिकारी कार्यालय एवं परवाणु में तहसील कार्यालय खुलने से क्षेत्रवासियों को व्यापक लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि कसौली के लिए गिरि नदी से शीघ्र ही उठाऊ पेयजल योजना के कार्य का मुख्यमंत्री से शिलान्यास करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि परवाणु में 30 करोड़ रुपए की लागत से सेब मंडी के निर्माण का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कोविड-19 से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 का संकट अभी टला नहीं है, ऐसे में आवश्यक है कि सभी कोविड उपयुक्त व्यवहार को अपनाएं। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने एपीएमसी सोलन द्वारा हर्बल व कृषि उत्पादों से संबंधित बनाई गई मार्गदर्शिका का विमोचन भी किया। उन्होंने विभिन्न कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रदेश कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव सिंह भंडारी, कृषि उत्पाद विपणन समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप तथा कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक नरेश ठाकुर ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर प्रगतिशील किसानों, बागवानों एवं आढ़तियों को पुरस्कृत भी किया गया। कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ. राजीव सहजल ने इस अवसर पर सेब मंडी परवाणु के निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर गौसेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, सुन्दर सिंह ठाकुर, यशपाल ठाकुर, रामेश्वर शर्मा, दौलत ठाकुर, सुंदरम ठाकुर, जिप सदस्य दर्पणा ठाकुर, बीडीसी सोलन के अध्यक्ष भीम सिंह ठाकुर, मदन मोहन मेहता, कपूर सिंह वर्मा, राजकुमार सिंगला, अमर सिंह परिहार, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी, कार्यकारी अतिरिक्त जिलाधीश सोलन अजय कुमार यादव, उपमंडलाधिकारी कसौली डाॅ. संजीव धीमान, खंड विकास अधिकारी धर्मपुर सुभाष अत्री व एपीएमसी सोलन के सचिव रविन्द्र शर्मा सहित काफी संख्या में किसान एवं बागवान इस अवसर पर उपस्थित थे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News