डबल इंजन सरकार रहते भी PM मोदी माफ नहीं कर पाए प्रदेश का कर्ज : प्रतिभा सिंह

punjabkesari.in Sunday, Jun 04, 2023 - 07:57 PM (IST)

गोहर (ख्यालीराम): मंडी की सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि जब-जब प्रदेश में भाजपा की सरकारें सत्ता छोड़कर गईं उन्होंने हमेशा सूबे की जनता पर लाखों रुपए का कर्जे का बोझ डाला। उससे बड़ी हैरानी की बात यह रही कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंडी और प्रदेश में दर्जन भर विभिन्न रैलियों में शामिल हुए लेकिन क्षेत्र के विकास, बेरोजगारी, महंगाई जैसे मूलभूत मुद्दों पर उन्होंने कभी भी 2 शब्द नहीं कहे। यहां तक कि पूर्व की भाजपा सरकार द्वारा लिए गए 70 हजार करोड़ के कर्ज का कुछ अंश माफ करने का हौसला तक नहीं कर सके। रविवार को सराज के बाड़ा में आयोजित कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह आगामी 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं लेकिन पार्टी का हुक्म मानना हमारे लिए सर्वोपरि है। कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए प्रतिभा ने कहा कि कार्यकर्ता अभी से ही आगामी चुनाव को लेकर कमर कस लें। 

जनता ने धरातल से गायब कर दिखाया भाजपा का नारा 
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र में प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा वाले बोलते थे कि कांग्रेस डबल इंजन मजबूत सरकार का कुछ नहीं बिगाड़ सकती लेकिन जनता ने भाजपा का यह नारा धरातल से गायब कर दिखाया है। इस अवसर पर पार्टी के महासचिव चेतराम ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष टेक सिंह चौहान, हरेंद्र सेन, नरेश चौहान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

सांसदों से मिलना गंवारा नहीं समझते मोदी 
प्रतिभा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया है कि वे सांसदों से मिलना गंवारा नहीं समझते और उन्हें हमेशा नजर अंदाज करते हैं। सांसद क्षेत्र की समस्याएं उनके विकास के कार्य किस के समक्ष रखें, प्रधानमंत्री मिलने तक का समय नहीं देते। देश के डाॅ. मनमोहन सिंह जैसे प्रधानमंत्री भी रहे जो हमेशा सांसदों के क्षेत्र के विकास के प्रति हमेशा तत्पर रहे और अरबों रुपए की लागत से तैयार रोहतांग टनल उनके कार्यप्रणाली का जीता जागता उदाहरण है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News