Kangra: PM मोदी के जन्मदिन पर दलाईलामा ने भेजा खास संदेश, कही दिल छू लेने वाली बात

punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 02:43 PM (IST)

धर्मशाला (नितिन): तिब्बती आध्यात्मिक धर्मगुरु 14वें दलाईलामा ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन के अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री को लिखे एक विशेष पत्र में दलाईलामा ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, लंबी उम्र और राष्ट्र सेवा में निरंतर सफलता की प्रार्थना की है। अपने शुभकामना संदेश में दलाईलामा ने वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती ताकत और प्रभाव की सराहना की। उन्होंने लिखा कि आज भारत एक आत्मविश्वासी और बेहद मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक सशक्त भारत की सफलता केवल उसके नागरिकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वैश्विक शांति, स्थिरता और दुनिया के समग्र विकास में भी एक महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

खुद को बताया भारत का गौरवान्वित संदेशवाहक
आध्यात्मिक गुरु ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नमन करते हुए खुद को भारत का गौरवान्वित संदेशवाहक करार दिया। दलाई लामा ने कहा कि वह पूरी दुनिया में भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा विशेषकर अहिंसा, करुणा, शांति और सद्भाव का संदेश लेकर जाते हैं और विश्व पटल पर भारत के इन्हीं उच्च आदर्शों का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।

67 वर्षों के आतिथ्य के लिए जताया आभार
इस अवसर पर दलाईलामा ने तिब्बती समुदाय को शरण देने के लिए भारत सरकार और यहां की जनता के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि पिछले 67 वर्षों से अधिक समय से भारत ने उन्हें और हजारों तिब्बती शरणार्थियों को जो प्यार और उदार आतिथ्य प्रदान किया है, उसके लिए वे हमेशा ऋणी रहेंगे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News