Himachal: साेमवार काे हाेगा स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, सोनिया और प्रियंका गांधी पहुंचीं शिमला

punjabkesari.in Sunday, Oct 12, 2025 - 05:33 PM (IST)

शिमला (राक्टा): आधुनिक हिमाचल के निर्माता और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शिमला पहुंच गई हैं। सोमवार को सुबह 10 बजे ऐतिहासिक रिज मैदान के दौलत पार्क में स्थापित वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का सोनिया गांधी द्वारा अनावरण किया जाएगा, जिसके बाद प्रियंका गांधी एक जनसभा को संबोधित करेंगी।
PunjabKesari

रविवार को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी शिमला पहुंचीं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू विशेष रूप से उन्हें रिसीव करने चंडीगढ़ गए, जहां से वे हैलीकॉप्टर द्वारा अनाडेल हेलीपैड पहुंचे। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने सोनिया गांधी को प्रदेश सरकार के कामकाज और विभिन्न मसलों की जानकारी दी। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सड़क मार्ग से चंडीगढ़ होते हुए शिमला पहुंचीं। शिमला पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह, और मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला छराबड़ा स्थित उनके आवास के लिए रवाना हो गया।

2 दिवसीय दौरे पर गांधी परिवार
सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी दो दिवसीय दौरे पर शिमला आई हैं और इस दौरान वे छराबड़ा स्थित अपने निजी आवास में रुकेंगी। सोमवार को होने वाले अनावरण कार्यक्रम के लिए रिज मैदान को भव्य रूप से सजाया गया है। प्रदेशभर से वीरभद्र सिंह के समर्थकों के भारी संख्या में जुटने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए रिज मैदान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।

जनसेवा को समर्पित था वीरभद्र सिंह का जीवन
6 बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह का 8 जुलाई, 2021 को निधन हाे गया था। उसके बाद से ही समर्थक रिज मैदान पर उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग कर रहे थे। उनका पूरा जीवन जनसेवा के लिए समर्पित रहा और यही वजह है कि वे आज भी प्रदेश की जनता के दिलों में बसते हैं। यह अनावरण कार्यक्रम पहले उनकी जयंती पर 23 जून को प्रस्तावित था, लेकिन सोनिया गांधी के स्वास्थ्य और खराब मौसम के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News