Weather Update: हिमाचल में ठंडी हाेने लगीं रातें, लाहौल-स्पीति के केलांग में शून्य से नीचे लुढ़का तापमान

punjabkesari.in Tuesday, Oct 28, 2025 - 05:57 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में मौसम शुष्क बना हुआ है। मंगलवार को भी पूरे प्रदेश में धूप खिली रही लेकिन सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने लगी है। विशेषकर पहाड़ी और जनजातीय क्षेत्रों में तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे रातें सर्द होती जा रही हैं। लाहौल-स्पीति जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में पारा शून्य से नीचे बना हुआ है और प्राकृतिक जलस्रोत जमने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 3 नवम्बर तक प्रदेश के मौसम में किसी प्रकार के बदलाव की संभावना नहीं है। इस अवधि में पश्चिमी विक्षोभ का कोई प्रभाव हिमाचल में नहीं दिखेगा और पूरे राज्य में मौसम साफ रहने का अनुमान है। 

शिमला, मनाली, कुफरी और नारकंडा जैसे हिल स्टेशनों में सैलानी सुहावने मौसम का आनंद ले रहे हैं। वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी दिन में खिली धूप लोगों को खूब भा रही है, लेकिन सुबह और शाम के समय सर्दी का अहसास बढ़ गया है। लाहौल-स्पीति जिले में तापमान लगातार गिर रहा है। जिला मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान -0.1 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा। इसी जिले के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री और ताबो में 1.1 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश के औसतन न्यूनतम तापमान में भी सामान्य से 0.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों का पारा सामान्य से नीचे चला गया है।

राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सैल्सियस, कुफरी में 7.9 डिग्री, नारकंडा में 5.7 डिग्री और मनाली में 6.1 डिग्री दर्ज हुआ है। पिछले 24 घंटों में शिमला में तापमान 1.4 डिग्री और मनाली में 0.6 डिग्री गिरा है। सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री, भुंतर में 9.5 डिग्री, कल्पा में 3.4 डिग्री, धर्मशाला में 12.8 डिग्री, ऊना में 11.6 डिग्री, नाहन में 15.3 डिग्री, पालमपुर में 10 डिग्री, सोलन में 9 डिग्री, मंडी व कांगड़ा में 13-13 डिग्री और रिकांगपिओ में 6.7 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है, हालांकि रातें और ठंडी होंगी तथा पहाड़ी इलाकों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News