Kangra: नूरपुर में बेटे ने मां व बहन पर किया हमला
punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 07:39 PM (IST)
नूरपुर (राकेश): पुलिस जिला नूरपुर के कोटला थाना क्षेत्र के नेरा गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपनी विधवा मां और बीच-बचाव करने आई बड़ी बहन के साथ मारपीट की। जानकारी के अनुसार आरोपी प्रदीप कुमार ने अपनी मां विमला देवी पर हमला कर उनके सिर में गंभीर चोटें पहुंचाईं। बीच-बचाव करने आई बहन राज कुमारी को भी आरोपी ने बुरी तरह पीटा। दोनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर में भर्ती करवाया गया था, जहां मां को एक सप्ताह बाद छुट्टी दे दी गई है।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी इससे पहले भी 2 बार मां के साथ मारपीट कर चुका है। पीड़ित परिवार ने कोटला पुलिस थाने में शिकायत देकर न्याय की मांग की है। बताया जा रहा है कि आरोपी भारत सरकार में कार्यरत है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय राय आने के बाद मामले में उचित धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज किया जाएगा।

