Kangra News: ज्वालामुखी में ट्रैक्टर चालक ने उठाया खौफनाक कदम, सुसाइट नोट बरामद; मां के बयान पर 2 संदिग्ध हिरासत में

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 07:47 PM (IST)

ज्वालामुखी (नितेश): कांगड़ा जिले के उपमंडल ज्वालामुखी के तहत आने वाली ग्राम पंचायत टिहरी में एक 30 वर्षीय युवक द्वारा फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का दुखद मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अशोक कुमार पुत्र स्वर्गीय पैंचू राम के रूप में हुई है, जो अपनी ही पंचायत में एक निजी ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता था। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

मृतक अशोक कुमार की माता ब्यासां देवी ने पुलिस को बताया कि हर दिन की तरह बीती शाम भी अशोक अपना ट्रैक्टर खड़ा करके घर लौटा था। रात करीब सवा 8 बजे उसने खाना खाया और सोने के लिए उनके नए घर में चला गया। जब सुबह मां उसे देखने वहां गई, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अशोक का शव कमरे में पंखे से झूल रहा था। बदहवास मां ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पंचायत प्रधान को दी, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया।

देहरा के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने खुद आत्महत्या करने की बात लिखी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह सुसाइड नोट अशोक ने ही लिखा है या नहीं, इसकी पुष्टि हैंडराइटिंग एक्सपर्ट्स की जांच के बाद ही होगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ फोरैंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने कमरे से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

वहीं पुलिस ने मृतक की मां के बयानों और शक के आधार पर 2 लोगों को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए इन लोगों पर पहले भी अशोक के साथ मारपीट करने के आरोप लग चुके हैं, जिसकी शिकायत स्थानीय थाने में भी दर्ज है। पुलिस ने दोनों को उठाने के बाद उनसे गहन पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

टिहरी पंचायत की प्रधान सरिता देवी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि मृतक अशोक कुमार एक होनहार, मिलनसार और बहुत ही मेहनती युवक था। उसकी अचानक मौत से हर कोई हैरान है। वहीं, पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पूरा खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News