Kangra News: बहू की एक शिकायत और रिटायर्ड फौजी ससुर ने दबा दिया बंदूक का ट्रिगर, फिर बेटे ने...
punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 12:12 PM (IST)
पालमपुर (भृगु): कांगड़ा जिले के पालमपुर उपमंडल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के सुकैड़ी जून गांव में एक घरेलू विवाद ने इतना उग्र रूप ले लिया कि एक रिटायर्ड सैनिक ने तैश में आकर अपनी लाइसैंसी बंदूक से फायर कर दिया। गनीमत यह रही कि इस घटना में गोली किसी को नहीं लगी और एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, फायरिंग की इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना रविवार रात की है। परिवार में बेटे और बहू के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बहू ने इस झगड़े की शिकायत अपने ससुर मिलाप (पूर्व सैनिक) से की। बहू की बात सुनने के बाद ससुर गुस्से में आगबबूला हो गए और उन्होंने अपनी लाइसैंसी बंदूक निकालकर फायर कर दिया। गोली भले ही किसी व्यक्ति को नहीं लगी, लेकिन अचानक हुई फायरिंग की तेज आवाज से पूरे परिवार में दहशत का माहौल बन गया। घटना के तुरंत बाद आरोपी के बेटे ने ही पुलिस को इस घटनाक्रम की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पूर्व सैनिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई लाइसैंसी बंदूक और लाइसैंस को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि फायरिंग किन परिस्थितियों में की गई और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या थी।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाइसेंसी बंदूक और लाइसैंस दोनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

