कांगड़ा में दुखद हादसा: सांप के डसने से आंगनबाड़ी सहायिका की मौत, परिवार में पसरा मातम
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 11:29 AM (IST)
Kangra News : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पर सर्पदंश से एक आंगनबाड़ी सहायिका की मौत हो गई। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, मामला डाडासीबा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भनेड़ के गांव मलोट का है। मृतका की पहचान सुदेश कुमारी (58 वर्षीय) के रूप में हुई है। वह स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका के पद पर तैनात थीं। बताया जा रहा है कि बीते रविवार को सुदेश अपने घर पर थीं। इसी दौरान अचानक उन्हें अपने पैर में किसी जहरीले जीव के काटने का अहसास हुआ। जब परिजनों ने गौर से देखा, तो पैर पर सांप के डसने के साफ निशान मौजूद थे। कुछ ही मिनटों के भीतर शरीर में जहर फैलने के कारण सुदेश कुमारी की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। उन्हें चक्कर और उल्टियों आने लगीं। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। यहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया, लेकिन चंडीगढ़ पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। डीएसपी डाडासीबा राजकुमार ने मामले की पुष्टि की है। वहीं, इस असामयिक हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उधर, ग्राम पंचायत भनेड़ की प्रधान शशी ने इस असमय मौत पर गहरा दुख प्रकट किया है।

