Kangra : पुलिस थाने के सामने अचानक बिगड़ी बुजुर्ग की तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 12:00 PM (IST)
Kangra News : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दुखद खबर सामने आ रही है, जहां पर पुलिस थाना शाहपुर के ठीक सामने बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 69 वर्षीय राकेश कुमार, पुत्र सत्यपाल निवासी पठानकोट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राकेश कुमार शुक्रवार को शाहपुर बाजार आए थे। दोपहर के समय जब वह एक दुकान के बाहर खड़े थे, तो अचानक उन्हें चक्कर आया या तबीयत बिगड़ी और वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक गिरने के कारण उनके माथे पर गहरी चोट आई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत उपचार के लिए नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन यहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम भी अस्पताल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।

