Weather Report : हिमाचल में 23 से 25 दिसम्बर तक चलेगा बर्फबारी का दौर
punjabkesari.in Tuesday, Dec 21, 2021 - 08:20 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल प्रदेश में 23 दिसम्बर से मौसम खराब होने वाला है, ऐसे में राजधानी शिमला में एक बार फिर से क्रिसमस पर बर्फबारी की उम्मीद जग गई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 5 वर्षों से शिमला में क्रिसमस पर बर्फबारी नहीं हुई है। हर वर्ष क्रिसमस व नए साल का जश्न मनाने शिमला में हजारों पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन अक्सर बर्फबारी न होने से उन्हें निराशा ही हाथ लगती है। विंटर सीजन में शिमला-मनाली घूमने आने वाले सैलानियों की पहली पसंद यहां बर्फ बारी का नजारा देखने की रहती है। विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसाार हिमाचल के पहाड़ी क्षेत्रों में 23 दिसम्बर से 25 दिसम्बर तक बर्फबारी का दौर चलेगा। इस दौरान शिमला सहित पर्वतीय इलाकों में बर्फ गिरने के आसार हैं। हालांकि मैदानी भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस विंटर सीजन में शिमला शहर में अब तक बर्फबारी नहीं हुई है। यहां सीजन की पहली बर्फबारी का सैलानी व स्थानीय लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। शिमला में वर्ष 2016 में 25 वर्षों के बाद व्हाइट क्रिसमस देखने को मिला था।
केलांग में -6.3 तो कल्पा में -1.6 डिग्री न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेशभर में मौसम साफ बना रहा। इस दौरान न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री अधिक रहा, जबकि अधिकतम तापमान में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। लाहौल-स्पीति जिले के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान -6.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह प्रदेश में सबसे ठंडा स्थल रहा। इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में पारा-1.6 डिग्री, सोलन में शून्य डिग्री, शिमला में 5.4 डिग्री, सुंदरनगर में 1.8 डिग्री, भुंतर में 2.3 डिग्री, धर्मशाला में 3.4 डिग्री, नाहन में 7.9 डिग्री, पालमपुर में 3.5 डिग्री, मनाली में 0.8 डिग्री, कांगड़ा में 5.2 डिग्री, मंडी में 2.2 डिग्री, बिलासपुर में 4 डिग्री, डल्हौजी में 3.6 डिग्री, कुफ री में 1.4 डिग्री, पांवटा साहिब में 3.9 डिग्री दर्ज किया गया।
आगामी दिनों में दो पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश को करेंगे प्रभावित
मौसम विभाग के निदेशक डाॅ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि आगामी दिनों में दो पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश को प्रभावित कर सकते हैं। पहला पश्चिमी विक्षोभ 24 दिसम्बर और दूसरा विक्षोभ 26 दिसम्बर को सक्रिय होगा। 25 दिसम्बर को राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here