Mandi: कुल्लू-मंडी हाईवे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चरस के साथ राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 07:57 PM (IST)
मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान एंटी चिट्टा/ड्रग ड्राइव के तहत मंडी जिला की औट पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने कुल्लू-मंडी नैशनल हाईवे पर सतर्कता दिखाते हुए राजस्थान के एक तस्कर को चरस की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के तार अंतर्राज्यीय नशा तस्करी से जुड़े होने का अंदेशा जताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को पुलिस थाना औट की एक विशेष टीम ने नैशनल हाईवे-03 पर झीड़ी स्थित जोगणी माता मंदिर के पास रूटीन नाकेबंदी की हुई थी। इसी दौरान कुल्लू की तरफ से एक व्यक्ति पैदल आ रहा था। सामने पुलिस की टीम को देखकर वह अचानक घबरा गया और छिपने व वहां से खिसकने की कोशिश करने लगा। उसकी इस संदिग्ध गतिविधि को देखकर पुलिस टीम अलर्ट हो गई और उसे तुरंत पूछताछ के लिए रोक लिया। जब शक के आधार पर उस व्यक्ति की तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 315 ग्राम चरस (कैनाबिस) बरामद हुई।
पुलिस ने तुरंत चरस को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान दौलत सिंह पुत्र पारस मल, निवासी जिला पाली, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।गिरफ्तारी के बाद आरोपी दौलत सिंह को मंगलवार को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
इस मामले की पुष्टि करते हुए मंडी के एसपी विनोद कुमार ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से सख्ती से पूछताछ करेगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने यह चरस किससे खरीदी थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इस पूछताछ में नशा तस्करी के एक बड़े नैटवर्क का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।

