​Mandi: कुर्सी जाने के डर से राेज दिल्ली दौड़ रहे सुक्खू : जयराम

punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 06:22 PM (IST)

गोहर (सतीश): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राहुल गांधी के लिए अपना समय बर्बाद न करें और हिमाचल के विकास पर ध्यान दें, क्योंकि मुख्यमंत्री रोज दिल्ली दौड़कर सरकारी खर्चे पर कांग्रेस रैलियों में भाग ले रहे हैं और शिमला पहुंचते ही उन्हें वापस बुला लिया जाता है। मुख्यमंत्री को लगता है कि दिल्ली नहीं गए तो उनकी कुर्सी खतरे में पड़ जाएगी, इसलिए राहुल गांधी के डर से रोज उल्टे पैर वापस दिल्ली पहुंच जाते हैं। यह चुटकी पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग और जंजैहली मंडल की बैठक में ली। बैठक में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपनी गैर-जिम्मेदाराना हरकतों से देश को शर्मसार किया है, क्योंकि स्वतंत्र भारत में ऐसा पहली बार हुआ है कि कोई नेता बिना अनुमति सुप्रीम कोर्ट के अंदर घुस गया और गेट तोड़कर अराजकता फैलाने का प्रयास किया।

जयराम ने आरोप लगाया कि आज कांग्रेस राहुल गांधी की इन हरकतों की वजह से देश में तहस-नहस हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में मजबूत आर्थिक आधार, सुधारों की निरंतरता और आत्मविश्वास से भरा नया भारत विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बैठक के दौरान जयराम ठाकुर ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्त्ताओं के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने पंचायत चुनावों में भाजपा का साथ देने पर कार्यकर्त्ताओं की सराहना की और 2027 होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News