Kangra: CIA Team ने नाके पर रंगे हाथों धरा तस्कर, बाइक के इस खुफिया हिस्से में छिपा रखी थी चिट्टे की खेप

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 03:43 PM (IST)

इंदौरा (अजीज): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रदेश भर में चलाए जा रहे चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने उपमंडल इंदौरा के तहत भदरोया क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 10.62 ग्राम हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।

मामले की जानकारी देते हुए एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि नूरपुर सीआईए की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान उसे एक पुख्ता सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने आबकारी बैरियर भदरोया से गुरु रविदास मंदिर संपर्क मार्ग पर स्थित रेलवे अंडरब्रिज के समीप नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद वहां से गुजर रही एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया। पुलिस ने जब गहनता से तलाशी ली, तो बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 10.62 ग्राम हैरोइन बरामद हुई।

पुलिस ने तुरंत हैरोइन और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मुनीष कुमार उर्फ मन्नू (26), निवासी भदरोया, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 25 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

24 घंटे में 4 तस्कर गिरफ्तार, सप्लाई चेन पर पुलिस की नजर
एएसपी धर्म चंद वर्मा ने पुलिस जिला नूरपुर में नशे के खिलाफ की जा रही सख्त कार्रवाई का ब्यौरा देते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 18.78 ग्राम हैरोइन और 3.700 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है। इन मामलों में कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। एएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस केवल तस्करों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि बैकवर्ड लिंकेज के जरिए नशे की आपूर्ति के मुख्य स्रोतों का भी पता लगा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि नशे के इस अवैध कारोबार की पूरी श्रृंखला को तोड़ने तक यह अभियान पूरी सख्ती से जारी रहेगा

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News