बारिश की बौछारों के साथ संपन्न हुआ अंतरराष्ट्रीय Shivratri Festival (Watch Video)

punjabkesari.in Tuesday, Mar 12, 2019 - 10:20 AM (IST)

मंडी (नीरज): बारिश की बौछारों के साथ 2019 का अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव सोमवार को संपन्न हो गया। समापन समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सबसे पहले उन्हें डीसी आफिस में पारंपरिक पगड़ी पहनाई गई और उपरांत इसके राज्यपाल ने राज माधव राय मंदिर में जाकर विधिवत पूजा अर्चना की।
PunjabKesari

इसके बाद राज माधव राय की पालकी को मंदिर से निकाला गया और महोत्सव की अंतिम पारंपरिक शोभायात्रा शुरू हुई। हालांकि बारिश की बौछारों ने इसमें खलल डाला और काफी कम संख्या में लोगों ने इसमें भाग लिया। पूरे शहर का चक्कर काटने के बाद पड्डल मैदान में यह शोभायात्रा संपन्न हुई और यहां से सभी देवी-देवताओं ने अपने देवलुओं संग मूल स्थानों की तरफ रूख कर लिया।
PunjabKesari

पड्डल में डीसी मंडी ने मेला समिति की तरफ से राज्यपाल को शाल, टोपी और स्मृति चिंह देकर सम्मानित किया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने बढि़या आयोजन के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेले सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि हमें इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। पीढ़ी दर पीढ़ी प्राचीन संस्कृति आगे पहुंच रही है और इससे हमें अपनी प्राचीन संस्कृति के बारे में काफी कुछ सीखने को मिलता है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भारतीय संस्कृति और धर्म पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि देश और विश्व में विभिन्न धर्मों के लोग रहते हैं। सभी अपने-अपने हिसाब से भगवान का उच्चारण करते हैं जबकि वास्तविकता में परमात्मा एक ही है, सिर्फ उसके नाम अनेक हैं।
PunjabKesari

उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से धर्म के नाम पर खून खराबा करने वालों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कोई भी धर्म खून-खराबे की और दूसरों को परेशान करने की ईजाजत नहीं देता। कुछ लोग धर्म के नाम पर इस प्रकार का बर्ताव करके धर्म को बदनाम करने की कोशिश करते हैं। इस मौके पर राज्यपाल ने शिवरात्रि महोत्सव के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में विजेता और उपविजेता रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया। डीसी मंडी ने महोत्सव के दौरान आयोजित की गई गतिविधियों की जानकारी दी। इसी के साथ 2019 का शिवरात्रि महोत्सव संपन्न हो गया। अब एक वर्ष बाद फिर से मंडी में देव महाकुंभ सजेगा और वाद्ययंत्रों की धूनें गूंजेंगी।
PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Related News