मध्य पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना, 31 मई से 2 जून तक कई भागों में अंधड़ चलने का यैलो अलर्ट जारी

punjabkesari.in Thursday, May 30, 2024 - 08:11 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में बढ़ती गर्मी से 1 जून से हल्की राहत मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज से एक सप्ताह तक प्रदेश के कई भागों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार 30 मई से 5 जून तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश का पूर्वानुमान है। 1 जून को अधिकतर क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। 31 मई से 2 जून तक कई भागों में अंधड़ चलने का यैलो अलर्ट भी जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है। जिससे प्रदेश में गर्मी से राहत मिल सकती है। उधर, मैदानी व कम ऊंचाई वाले भागों में प्रचंड गर्मी जारी है। आज भी इन क्षेत्रों के लिए हीट वेव का यैलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं इसके बाद मैदानी इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

वहीं शिमला में वीरवार को हल्की बारिश हुई जिससे लोगों ने गर्मी से हल्की राहत ली। वहीं बुधवार को पहली बार ऊना में अधिकतम पारा 46.0 और हमीरपुर के नेरी में 46.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज हुआ। हिल्स क्वीन शिमला सहित कांगड़ा और सोलन में पारा चढ़ने से 11 साल और धर्मशाला में 35 साल का रिकॉर्ड टूट गया। चम्बा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में भी पारा बढ़ा है, लेकिन यहां अभी लू जैसे हालात नहीं बने हैं। शिमला में वीरवार को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं सुंदरनगर में 40.5, धर्मशाला 38.3, नाहन 39.3, पालमपुर 36.2, सोलन 38.0, मनाली 29.5, कांगड़ा 41.0, बिलासपुर 44.5, हमीरपुर 43.8, चम्बा 38.5 और रिकांगपिओ 31.9 दर्ज किया गया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News