प्रदेश की 48000 महिलाओं को मिल चुकी है इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान नि​​धि : मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Saturday, Jun 29, 2024 - 06:44 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक उत्थान में प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना सहायक सिद्ध हो रही है। योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार की 18 वर्ष और इससे अधिक आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। यहां से जारी बयान में उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत जिला ऊना के हरोली में 7280 महिलाओं को 3.27 करोड़ रुपए से लाभान्वित किया गया है। इस योजना के तहत प्रदेश की 48000 महिलाओं को 3 महीने की सम्मान निधि के रूप में 4500 रुपए प्रति महिला वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। प्रदेश सरकार द्वारा महिला उत्थान और कल्याण की दृष्टि से शुरू की गई इस अभिनव योजना के अंतर्गत 23 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इस योजना से महिलाएं वित्तीय रूप से स्वावलंबी बन रही हैं और सम्मानजनक तरीके से जीवन व्यतीत कर रही हैं। प्रदेश सरकार ग्रामीण आर्थिकी को सुदृढ़ करने और महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में निरन्तर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस योजना के सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। यह योजना लैंगिक समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए किए जा रहे सरकार के प्रयासों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि तमाम वित्तीय चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार राज्य की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ करने और समाज का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News