''जीतें तो आयोग सही, हारें तो वोट चोरी...'', जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर बोला तीखा हमला

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 06:23 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान चुनाव आयोग कार्यालय पर कालिख पोतना संवैधानिक संस्था का अपमान है। इतना ही नहीं, यदि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित संवैधानिक पदों पर बैठे अन्य लोग कालिख पोतने के अलावा पुतले को लात व जूते मारने के साथ आग लगाने जैसी भाषा का प्रयोग हो, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। जयराम ठाकुर शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

जीतने पर आयोग सही, लेकिन हारने पर वोट चोरी के आरोप
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस बताए कि हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में कांग्रेस के जीतने पर आयोग सही हो जाता है, लेकिन हारने पर वोट चोरी के आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की बैठक के बाद तीनों चुनाव आयुक्तों के बातों को स्पष्ट करने के बाद भ्रम फैलाने की कोशिश बेनकाब हो गई है। दरअसल जिस पत्र का उल्लेख किया जा रहा है, वह कैबिनेट सचिव को भेजा गया था और उसका चुनाव आयोग के किसी नीतिगत विषय अथवा एसआईआर से संबंध नहीं था। यह मामला प्रतिनियुक्ति पर आए एक अधिकारी की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से संबंधित था। यदि वास्तव में कोई डिसैटिंग नोट होता तो वह रिकॉर्ड का हिस्सा होता।

राहुल गांधी का आरोप लगाना तथ्य नहीं पलट सकता
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी का आरोप लगाना तथ्यों को नहीं पलट सकता। कांग्रेस नेता एक तरफ तो हाथ में संविधान की किताब लेकर देशभर में घूमते हैं और दूसरी ओर संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाते हैं। नेता ने चुनाव आयोग के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकारों ने चुनाव आयुक्तों को सम्मान दिए। इसमें वीएस रमा देवी तो हिमाचल प्रदेश की राज्यपाल तक बनाई गईं।

सीडब्ल्यूसी के अनुसार देश नहीं चलेगा
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश संविधान, संवैधानिक व्यवस्थाओं और संवैधानिक संस्थाओं के माध्यम से चलेगा, कांग्रेस वर्किंग कमेटी के अनुसार नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में कांग्रेस सरकारों के समय बूथ कैप्चरिंग और मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक न पहुंचने देने जैसी घटनाएं होना आम बात थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु में गैर-कांग्रेसी सरकारों का वर्षों तक राज करना क्या वोट चोरी था?

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News