Shimla: कांग्रेस कार्यालय के बाहर BJP महिला मोर्चा का प्रदर्शन, राहुल गांधी व कांग्रेस सांसद का पुतला फूंका
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 06:18 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): मणिपुर से कांग्रेस सांसद पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में राजनीतिक पारा गरमा गया है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्त्ताओं ने शिमला स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला मोर्चा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम का पुतला फूंक कर अपना रोष व्यक्त किया।
कांग्रेस सांसद को बर्खास्त करने की उठाई मांग
यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस सांसद एवं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से जुड़े प्रोफैसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ किया गया, जिन पर 11 महिलाओं की तरफ से कथित यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। भाजपा महिला मोर्चा ने मांग की है कि कांग्रेस आलाकमान इस मामले का संज्ञान ले और आरोपी सांसद को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करे।
राहुल गांधी तोड़ें अपनी चुप्पी : डेजी ठाकुर
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने कांग्रेस नेतृत्व को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को महिला उत्पीड़न के इस संवेदनशील मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए और आरोपी सांसद के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ राहुल गांधी महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बात करते हैं, लेकिन जब उनकी अपनी पार्टी के सांसद पर इतने गंभीर आरोप लगते हैं, तो नेतृत्व मौन साध लेता है। भाजपा ने मांग की कि आरोप प्रमाणित होने की स्थिति में सांसद को पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए।
महिला पुलिसकर्मी से कथित झड़प की भी निंदा
डेजी ठाकुर ने हाल ही में राहुल गांधी और एक महिला पुलिसकर्मी के बीच हुई कथित झड़प का भी जिक्र किया और इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदार और उच्च पदों पर बैठे नेताओं से यह अपेक्षा की जाती है कि वे महिलाओं, विशेषकर अपनी ड्यूटी कर रही महिला पुलिसकर्मियों के प्रति मर्यादित और सम्मानजनक व्यवहार करें।
महिलाओं के हक के लिए आवाज उठाती रहेगी भाजपा
डेजी ठाकुर ने स्पष्ट किया कि भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं के अधिकारों, उनकी सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए निरंतर अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। इस रोष प्रदर्शन में जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष रीना, अनीता खलासटा, रमा ठाकुर, प्रतिभा कंवर, अनीता सूद, रंजना, अमृता चौहान, प्रियंका अग्रवाल, कमलेश मेहता, आशा, निशा चौहान, सीमा ठाकुर, ऋतु गौतम, संजू शर्मा, बॉबी बंसल, प्रवीण छाजता और इंदु वैद्य सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी व कार्यकर्त्ता मौजूद रहीं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

