Himachal Weather: बर्फबारी से अक्तूबर में ही ''माइनस'' में पहुंचा तापमान, साच पास बंद; जानें अगले एक हफ्ते कैसा रहेगा मौसम
punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 10:09 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले और जनजातीय क्षेत्रों में लगातार दूसरे दिन रुक-रुककर हुई बर्फबारी ने पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ा दी है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चम्बा जिलों की ऊंची चोटियों पर हुए ताजा हिमपात के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और मैदानी इलाकों में भी ठंडी हवाओं का असर देखने को मिल रहा है।
साच पास में अढ़ाई फुट बर्फ, पांगी का संपर्क कटा
बर्फबारी के कारण प्रदेश के कई दुर्गम इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चम्बा जिले के प्रसिद्ध साच पास में देर रात करीब 2 से अढ़ाई फुट तक भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। इस भारी हिमपात के चलते पांगी घाटी को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह से बंद हो गया है। वहीं, जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में भी 7 सैंटीमीटर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है।
कुकुमसेरी में पारा माइनस 1.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज
पहाड़ों पर हो रही इस बर्फबारी और बारिश के कारण इस बार अक्तूबर महीने में ही कड़ाके की ठंड का अहसास होने लगा है। रात के समय तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, लाहौल-स्पीति के केलांग में न्यूनतम तापमान गिरकर शून्य से नीचे यानी माइनस 1.7 डिग्री सैल्सियस पहुंच गया है। इसके अलावा कुकुमसेरी में भी पारा माइनस 1.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है, जिससे इन इलाकों में पानी जमने की स्थिति पैदा हो गई है।
आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान
हालांकि, बर्फबारी से बढ़ी इस ठंड के बीच मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए राहत की खबर दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर अब कम हो रहा है। इसके चलते अगले एक हफ्ते यानी 17 से 22 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश या बर्फबारी का कोई पूर्वानुमान नहीं है, जिससे बंद पड़ी सड़कों को खोलने के काम में भी तेजी आने की उम्मीद है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

