Weather Update: जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड, 25 तक साफ रहेगा मौसम

punjabkesari.in Monday, Oct 19, 2026 - 11:25 PM (IST)

शिमला (संतोष): राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 25 अक्तूबर तक प्रदेश के मैदानी, मध्यवर्ती और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। दिन के समय चटक धूप खिलने से मौसम सुहावना बना रहेगा, जबकि रात के तापमान में गिरावट के चलते ठंड लगातार बढ़ रही है।

प्रदेश के जनजातीय और ऊंचे इलाकों में सर्दी का असर तेजी से तेज होने लगा है। सोमवार को राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल-स्पीति जिला के मुख्यालय केलांग में 0.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कुकुमसेरी में 0.8, ताबो में 2.1 और किन्नौर जिले के कल्पा में 3.2 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। राज्य के अन्य हिस्सों में भी रातें सर्द होने लगी हैं। मनाली में न्यूनतम तापमान 5.9, सोलन में 8.5, सुंदरनगर में 10.1 और शिमला में 12 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

मैदानी इलाकों में पांवटा साहिब 21 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि ऊना में पारा 14.5 डिग्री और धर्मशाला में 16.9 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा, हालांकि अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सैल्सियस तक की हल्की बढ़ौतरी हो सकती है। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम बिल्कुल साफ है और विभाग की ओर से आगामी दिनों के लिए कोई भी चेतावनी जारी नहीं की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News