Himachal: अमरीका से आयातित सेब पर अनुमानित टैरिफ कटौती से अनुराग ठाकुर चिंतित
punjabkesari.in Monday, Jul 07, 2025 - 07:27 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने अमरीका से आयातित सेब पर अनुमानित टैरिफ कटौती पर चिंता जताई है। उन्होंने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर इस मामले को उठाया है। अनुराग ठाकुर ने यहां जारी बयान में कहा कि सेब उत्पादन के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश का प्रमुख स्थान है। हिमाचल प्रदेश में देश के कुल सेब उत्पादन का 25 फीसदी का योगदान देता है, जो सालाना लगभग 6.5 लाख मीट्रिक टन है। इस तरह हिमाचल प्रदेश की सेब पर आर्थिकी करीब 5,000 करोड़ रुपए की है। प्रदेश के अधिकांश सेब किसान 5 से 10 बीघा के बीच की छोटी भूमि जोत पर काम करते हैं और वहीं उनकी आय का मुख्य स्रोत है। ऐसे में अमरीका से आयात किए जाने वाले सेब पर अनुमानित टैरिफ कटौती चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि भारत और अमरीका के बीच चल रही व्यापार चर्चाओं को देखते हुए किसानों को आशंका है कि किसी भी टैरिफ कटौती से उनकी आजीविका पर सीधा और व्यापक असर पड़ेगा। वर्तमान में अमरीका से आयातित सेब की रैड डिलीशियस किस्म पहले से ही हिमाचल प्रदेश के सेब बाजार को प्रभावित कर रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि अमरीका से सेब के आयात में कीमतों में ऐसी कोई भी कमी न्यूजीलैंड और चिली आदि जैसे अन्य देशों से आयातित सेब की कीमतों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालेगी। इससे हिमाचल प्रदेश सहित घरेलू रूप से उगाए जाने वाले सेब के उत्पादन और विपणन पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के सेब उगाने वाले बागवानों की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए, इस पर ध्यान देने का आग्रह किया है।