Shimla: 2 सत्रों में आयोजित होगी UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 11:14 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (यूपीएससी) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 रविवार को आयोजित होगी। इस परीक्षा के लिए हिमाचल प्रदेश में भी परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां पर हजारों उम्मीदवार यह परीक्षा देंगे। इस परीक्षा के आयोजन के लिए हिमाचल के सभी परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हिमाचल में परीक्षा केंद्र शिमला के अलावा मंडी व धर्मशाला में भी बनाया गया है। आयोग ने परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। यूपीएससी ने परीक्षा केंद्रों पर इलैक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध लगाया है और समय से पहले पहुंचने की सलाह दी है। परीक्षा 2 सत्रों में आयोजित होगी।
सामान्य अध्ययन पेपर-1 सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक होगा। वहीं सीसैट पेपर-2 दोपहर 2.30 बजे से 4.30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड और मूल फोटो आईडी साथ ले जाना अनिवार्य है। उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। इसके अलावा परीक्षा केंद्र में मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटुथ और अन्य इलैक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित हैं। परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। एडमिट कार्ड पर फोटो स्पष्ट न होने पर पासपोर्ट साइज फोटो साथ रखें।

