Shimla: लहसुन व हरा धनिया के दाम छू रहे हैं आसमान, 400 रुपए किलो पहुंचे दाम

punjabkesari.in Monday, Sep 16, 2024 - 10:59 AM (IST)

शिमला, (संतोष): राजधानी शिमला में लोग लहसुन व हरा धनिया खरीदने से कन्नी काटने लगे हैं, क्योंकि इनके दाम 400 रुपए प्रतिकिलो चल रहे हैं। 10-10 रुपए प्रति गुच्छी के हिसाब से बिकने वाले हरा धनिया के दाम भी आसमां छू रहे हैं। हरे धनिये के दाम 400 रुपए प्रतिकिलो तक पहुंच गए हैं और अब यहां गुच्छी के हिसाब से बेचने वाले बहुत कम नजर आते हैं।

हरा मटर सब्जी मंडी से गायब हो गया है और इसके शनिवार को दाम 160 से 180 रुपए प्रतिकिलो चल रहे थे। रविवार को मंडी में मटर खरीदने के लिए ही उपलब्ध नहीं था। लाहौल-स्पीति व किन्नौर जिलों में ही आजकल मटर की फसल की खेती होती है और बरसात के चलते सड़क मार्ग खराब होने के कारण इनकी खेप शिमला सब्जी मंडी तक नहीं पहुंच पा रही है। मटर की खपत अधिक और आपूर्ति कम होने के कारण इनके दाम आसमां छू गए हैं।

मंडी में प्याज व टमाटर के दाम भी 60 रुपए प्रतिकिलो चल रहे हैं, जबकि कुछ अन्य सब्जियों के दाम भी सुर्ख चले हुए हैं, जिससे लोगों की थालियों से ये सब्जियां गायब हो गई हैं। फ्रासबीन, फूलगोभी व गाजर के दाम भी 60 रुपए प्रतिकिलो चल रहे हैं, जबकि शिमला मिर्च व बैंगन के दाम 50 रुपए प्रतिकिलो हैं।

इन सब्जियों के दाम दे रहे हैं राहत

सब्जी मंडी में कुछ सब्जियों के दाम लोगों को थोड़ी राहत पहुंचा रहे हैं और लोग इनकी ही अधिक खरीददारी कर रहे हैं। घीया व भिंडी 30, खीरा व करेला 20, तोरी, बैंगनी, पंडोल, बंदगोभी 40 व कहू 20 रुपए प्रतिकिलो चल रहा है, जबकि आलू के दाम 40 रुपए प्रतिकिलो चले हुए हैं।

इसके अलावा अदरक के दाम भी 120 रुपए प्रतिकिलो, हरी मिर्च के दाम 80 रुपए व नींबू 200 रुपए प्रतिकिलो की दर पर चला हुआ है। इसके अलावा यहां फलों की भी खूब खरीद होती है। रॉयल सेब 120, गोल्डन सेब 80, नाशपाती 80, मौसंबी 80, अनार 100, संतरा 80 रुपए प्रतिकिलो, जबकि केला 60 रुपए प्रति दर्जन के हिसाब से बिक रहा है।

बारिश खत्म होने के बाद आएगी सब्जियों की खेप, दाम होंगे नियंत्रितः विशेषर

सब्जी मंडी शिमला के प्रधान विशेषर नाथ ने कहा कि बारिश खत्म होने के बाद सब्जियों की नई फसल की खेप मंडी पहुंचेगी और उसके बाद इनके दामों में कंट्रोल आएगा। मटर आजकल सिर्फ लाहौल-स्पीति व किन्नौर जिलों में होता है और इसकी खेप यहां न पहुंचने के कारण मंडी में मटर नहीं मिल रहा है और यदि मटर आ भी रहा है तो इनके दाम काफी ऊंचे चले हुए हैं, लेकिन आगामी दिनों नई फसल आने के बाद इनके दाम नियंत्रित हो जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News