Shimla: स्क्रब टायफस ने पसारे पांव, 4 नए मामले आए सामने, बुधवार को मिले थे 24 मरीज

punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 08:46 PM (IST)

शिमला (संतोष): राजधानी शिमला और इसके आसपास के क्षेत्रों में स्क्रब टायफस का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बरसात के बाद पनपने वाली इस बीमारी ने अब तेजी से अपने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग और आम जनता की चिंताएं बढ़ गई हैं। राजधानी शिमला में स्क्रब टायफस के 4 नए मामले पॉजिटिव पाए गए हैं। राहत की बात यह है कि इन 4 मामलों में से केवल एक ही मरीज शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि अन्य 3 मरीज प्रदेश के अलग-अलग जिलों से संबंधित हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इन बाहरी मरीजों में एक कुल्लू, एक सिरमौर और एक मंडी जिले का निवासी है।

स्वास्थ्य कारणों से ये सभी शिमला आए थे, जहां जांच के दौरान इनकी रिपोर्ट में स्क्रब टायफस की पुष्टि हुई है। शिमला में स्क्रब टायफस के मामले अचानक तेज हो गए हैं। इससे पहले बुधवार को ही जिला शिमला में इस बीमारी का बड़ा रूप देखने को मिला था, जब एक ही दिन में 24 नए मामले सामने आए थे। लगातार बढ़ रहे इन आंकड़ों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है और अस्पतालों में टैस्टिंग व इलाज की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सीएमओ शिमला डा. यशपाल रांटा ने मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आम जनता को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News