Shimla: संजौली-मंडी में अवैध निर्माण हुआ है, तो उसे हटा देना चाहिए : अनुराग

punjabkesari.in Saturday, Oct 19, 2024 - 09:23 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि यदि संजौली व मंडी मस्जिद में अवैध निर्माण हुआ है तो उसे हटा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण किसी भी सरकार में हुआ हो, उसके ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए। अनुराग ठाकुर ने यह बात एक कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि यह सवाल कांग्रेस के मंत्री ने विधानसभा में उठाया, लेकिन यदि भाजपा इसे उठाती तो वह विभाजनकारी होता? उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण से ज्यादा बड़ी बात वहां की बहू-बेटियों की है, जिनके ऊपर तंज कसा जाता है। उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि कांग्रेस के केंद्रीय नेता इसके ऊपर कोई टिप्पणी नहीं करते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक मंत्री ने योगी सरकार के नेम प्लेट लगाने के फैसले की तारीफ की थी।

ऐसे में कांग्रेस के नेता भी उत्तर प्रदेश के मॉडल को स्वीकार करते हैं। उन्होंने राहुल गांधी के संविधान की कॉपी लेकर घूमने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनको यह मालूम नहीं कि इसमें कितने पन्ने हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी की तरफ से लगाई गई एमरजैंसी को बचाने का काम संविधान ने किया है। उन्होंने राहुल गांधी पर टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जाति जनगणना के लिए पंडित नेहरू से लेकर राजीव गांधी और सोनिया गांधी से लेकर राहुल गांधी ने न कहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की कथनी और करनी में अंतर है तथा यह सत्ता सुख के लिए राष्ट्रीय हितों की भी तिलांजलि दे सकते हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News