Shimla: नदी-नालों के करीब जाकर सैल्फी लेने से बचें, आपात स्थिति में डायल करें 112
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 10:44 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): प्रदेश में मानसून के दौरान मौसम का मिजाज कब बदल जाए, इसका कोई भरोसा नहीं है। पहाड़ों में कई बार दूरदराज के क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश का असर निचले इलाकों की नदियों और खड्डों में अचानक बाढ़ के रूप में देखने को मिलता है। इस स्थिति को देखते हुए राज्य पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एक विशेष एडवाइजरी जारी की है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भले ही आपके आसपास का मौसम साफ दिखाई दे रहा हो, लेकिन ऊपरी इलाकों में हुई मूसलाधार बारिश चंद मिनटों में ही नदी, खड्डों और नालों के जलस्तर को खतरनाक हद तक बढ़ा सकती है। ऐसे में बहते पानी के करीब जाने, चट्टानों के किनारे खड़े होने अथवा सैल्फी लेने जैसे जोखिम से बचें। पुलिस के अनुसार आपातकालीन स्थिति में तुरंत 112 पर संपर्क करें।

