Shimla: 17 ग्राम चिट्टा मामले में तीसरा आरोपी करसोग से दबोचा
punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 07:49 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): जिला शिमला के थाना सुन्नी में दर्ज 17 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले की गहन जांच के दौरान शिमला पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस के अनुसार 13 मई को थाना सुन्नी क्षेत्र में 17 ग्राम चिट्टा बरामद होने पर महेश कुमार और मनोरमा देवी को गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े वित्तीय लेन-देन व कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी जगत राम उर्फ जग्गू 34 निवासी गांव भथल डाकघर भथल, तहसील करसोग, जिला मंडी का पूर्व में गिरफ्तार आरोपी महेश कुमार के साथ लगातार संपर्क और वित्तीय लेन-देन था। पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि चिट्टे की खेप की खरीद और उपलब्धता के दौरान दोनों के बीच सांठगांठ रही थी। पुलिस के मुताबिक एकत्रित वित्तीय एवं तकनीकी साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि जगत राम ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों महेश कुमार और मनोरमा देवी की सहायता से चिट्टे की उक्त खेप की खरीद की थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने 16 जून को करसोग के सनारली क्षेत्र में दबिश देकर जगत राम को गिरफ्तार कर लिया।

