Shimla: अच्छा काम करने की बजाय साजिश व षड्यंत्र रच रहे मुख्यमंत्री : जयराम

punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 07:41 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री अच्छा काम करने की बजाय साजिश और षड्यंत्र रचते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शहरी निकाय व पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में जहां भाजपा को बहुमत मिला है, वहां अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया को लटकाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार सिर्फ समय बिता रही है, प्रदेश की जनता कामकाज से संतुष्ट नहीं है। जयराम ठाकुर शिमला के नजदीक तत्तापानी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा के बहुमत वाले क्षेत्रों में जनादेश को हथियाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने सरकारी कर्मचारियों को तब्दील करने, निर्वाचित प्रतिनिधियों को विजीलैंस जांच, तबादले या अन्य प्रशासनिक कार्रवाई का सहारा लेकर डरा-धमका कर अपने पक्ष में करने के लिए हथकंडों को अपनाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अपने चौथे वर्ष में प्रवेश हो चुकी है। इसके बावजूद संस्थाओं को बंद करने का सिलसिला बंद नहीं हुआ है। अब तक सरकार की तरफ से 2,500 संस्थान बंद किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अगर 2 कदम चलती है, तो 4 कदम पीछे हटती है। ऐसे में वर्तमान सरकार को पलटूराम सरकार कहना अनुचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पशुपालकों से दूध खरीदने की बात कही थी, लेकिन आज ऐसा नहीं होने से दुग्ध उत्पादक अपना दूध फैंकने को मजबूर हैं।

जोगिंद्रनगर में पद सृजित कर रातों-रात भर दिए
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि जोगिंद्रनगर ब्लॉक समिति के चुनाव के समय सरकार ने जल शक्ति विभाग में बड़ी संख्या में पद सृजित करके उनको रातों-रात भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इन पदों पर चुनकर आए प्रतिनिधियों के समर्थकों की सेवाएं समायोजित की गईं।

सरकार का वित्तीय प्रबंधन फेल
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार का वित्तीय प्रबंधन पूरी तरह से फेल हो चुका है। उन्होंने कहा कि डेढ़ माह पहले केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश को 3,920 करोड़ रुपए की विशेष अनुदान राशि जारी की गई, जिसे सरकार को जनहित में खर्च करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र से जब भी मदद की गुहार लगाई गई तो उदार वित्तीय सहायता मिली है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News