Shimla: सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती में फेरबदल, आदेश जारी

punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 07:58 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): शिक्षा विभाग ने राज्य के सीबीएसई सब-कैडर स्कूलों में नियुक्त गणित और अंग्रेजी शिक्षकों की तैनाती को लेकर संशोधित आदेश जारी किए हैं। शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी नए आदेशों के तहत कई शिक्षकों के स्कूलों में बदलाव किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन शिक्षकों ने अभी तक नई जगह पर ज्वाइन नहीं किया है, वे संशोधित आदेशों के अनुसार निर्धारित स्कूलों में अपनी सेवाएं देंगे। गणित शिक्षक वर्ग में 4 शिक्षकों की तैनाती में बदलाव किया गया है। इनमें नितेश शर्मा और प्रदीप चौहान के स्टेशन आपस में बदले गए हैं, जबकि प्रिया पठानिया को लम्बागांव के स्थान पर धर्मशाला और रिजुता को कुपवी के स्थान पर पोर्टमोर स्कूल शिमला में नियुक्त किया गया है। इसी के साथ अंग्रेजी शिक्षकों की तैनाती में भी संशोधन किए गए हैं।

विभाग ने 34 शिक्षकों के स्कूलों में बदलाव करते हुए कई मामलों में आपसी समायोजन किया है। कुछ शिक्षकों को उनके गृह जिलों अथवा रिक्त पदों वाले स्कूलों में भेजा गया है, जबकि कई शिक्षकों के स्टेशन बदल दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि इन समायोजनों का उद्देश्य विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है। शिक्षा निदेशालय ने सभी संबंधित शिक्षकों को 30 जून तक कार्यभार ग्रहण करने को कहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी नियुक्ति आदेशों में अन्य सभी शर्तें यथावत लागू रहेंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News