​शिमला में राष्ट्रपति ने अंग्रेजों द्वारा बनाई योजना का लिया जायजा, आज कांगड़ा पहुंचेंगी

punjabkesari.in Sunday, May 05, 2024 - 11:45 PM (IST)

शिमला (संतोष): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने शिमला प्रवास के दौरान रविवार को सियोग पेयजल योजना का दौरा किया। राष्ट्रपति सुबह 11.15 बजे कैचमैंट एरिया का दौरा करने अपने परिजनों सहित अपने काफिले के साथ निकलीं। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात थे और ठियोग की ओर से आने वाले वाहनों को डायवर्ट किया गया था। पेयजल कंपनी के अधिकारियों ने राष्ट्रपति को इस योजना के इतिहास से रू-ब-रू करवाया। 150 वर्ष पहले ब्रिटिश शासनकाल के दौरान शिमला के लिए यह पहली पेयजल योजना बनी थी, जो 1875 के आसपास अंग्रेजों द्वारा बनाई गई है और इस योजना की एक लाइन भारत के वायसराय के निवास तक पानी की आपूर्ति करती थी। सेओग जल टैंक शिमला के लिए पीने के पानी का प्रारंभिक स्रोत था, जो उस समय देश की ग्रीष्मकालीन राजधानी के रूप में कार्य करता था और आज भी इस योजना से शिमला शहर को पानी मिल रहा है। बता दें कि हरी-भरी वादियों के बीच बनी इस योजना में कुल 17 प्राकृतिक चश्मे हैं, लेकिन अब कई चश्मे सूख चुके हैं, लेकिन बरसात में इनमें पानी निकल आता है। यह क्षेत्र आबादी से दूर है और इसलिए यहां का पानी सबसे शुद्ध माना जाता है। पहले एडवांस स्टडीज संस्थान में ठहरने वाले अंग्रेजी शासकों को इसका पानी सप्लाई होता था। मौके पर 9 एम.एल.डी. क्षमता वाला टैंक बना है, जिसकी पेयजल कंपनी ने हाल ही में मुरम्मत भी करवाई है।

पूर्व राष्ट्रपति की जन्मतिथि पर रिट्रीट में दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह की जन्मतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। छराबड़ा स्थित राष्ट्रपति निवास रिट्रीट में ही उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद उनका काफिला कैचमैंट एरिया के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच निकला। राष्ट्रपति ने अपने परिवार संग यहां राष्ट्रपति भवन रिट्रीट के लॉन व अन्य जगहों में भी चहलकदमी की।

आज कल्याणी हैलीपैड से गग्गल हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगी राष्ट्रपति, शाम को लाैटेंगी
6 मई को सुबह 10 बजे वह कल्याणी हैलीपैड से गग्गल हवाई अड्डा पहुंचेंगी और चामुंडा माता मंदिर व शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद दोपहर 2.50 बजे धर्मशाला स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। सायं 4.05 बजे गग्गल एयरपोर्ट से शिमला के लिए उड़ान भरेंगी और शाम को वापस लौटेंगी।

शिमला में राष्ट्रपति का कल है सबसे व्यस्ततम कार्यक्रम
7 मई को शिमला शहर में उनके कई कार्यक्रम हैं और यह सबसे व्यस्ततम दिन है। वह सुबह 11.25 बजे राजधानी शिमला के संकट मोचन मंदिर और 12.20 बजे तारादेवी मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगी। यहां वह प्रसाद सेवानम कार्यक्रम में शामिल होंगी। शाम 5.50 बजे राष्ट्रपति रिज मैदान व माल रोड पर टहलने के अलावा 6.35 बजे गेयटी थिएटर में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। देर शाम 7.30 बजे राजभवन शिमला पहुंचेंगी। यहां राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की ओर से राष्ट्रपति के सम्मान में रात्रि भोज दिया जाएगा। रिट्रीट में होने वाला एट होम कार्यक्रम नहीं होगा। 8 मई को सुबह 9.20 बजे कल्याणी हैलीपैड से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News