Shimla: मल्टी टास्क वर्कर नीति व करुणामूलक आधार पर लंबित भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 09:40 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): राज्य सरकार विभिन्न विभागों में ग्रुप-डी पदों पर मल्टी टास्क वर्कर की नियुक्ति को शीघ्र अंतिम रूप देगी। इसको लेकर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट सब कमेटी की बैठक हुई। बैठक में करुणामूलक आधार पर लंबित भर्तियों में तेजी लाने के विकल्प पर विचार किया गया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक में मल्टी टास्क वर्करों की पात्रता, चयन प्रक्रिया, नियुक्ति व्यवस्था, सेवा शर्तों, कार्यक्षेत्र तथा विभिन्न विभागों से प्राप्त सुझावों और आपत्तियों पर विस्तृत मंथन हुआ। बैठक में अधिकारियों से विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत प्रस्तुति ली गई। साथ ही नीति के मसौदे में आवश्यक संशोधनों पर भी चर्चा हुई। माना जा रहा है कि सब कमेटी की सिफारिशों के आधार पर नीति को अंतिम रूप देकर जल्द ही मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए रखा जाएगा।

प्रदेश में मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती लंबे समय से लंबित है और हजारों युवा नई नीति का इंतजार कर रहे हैं। नई नीति लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित होगी। इससे स्कूलों सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों में आवश्यक मानव संसाधन की कमी भी दूर हो सकेगी। बैठक के बाद अब युवाओं की उम्मीदें आगामी मंत्रिमंडल बैठक पर टिक गई हैं। यदि कैबिनेट सब कमेटी की सिफारिशों को मंजूरी मिलती है, तो लंबे समय से रुकी मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती का रास्ता साफ हो सकता है। इससे प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने की संभावना है। इसमें करुणामूलक आधार पर भी नियुक्तियों को शीघ्र अंतिम रूप दिया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News