Shimla: बिजली बोर्ड पैंशनरों को राहत, इस माह अंत तक लंबित लाभों का होगा भुगतान
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 06:54 PM (IST)
शिमला (राजेश): विद्युत पैंशनर्ज फोरम के पदाधिकारियों की एक बैठक बिजली बोर्ड के निदेशक वित्त अरिंदम चौधरी के साथ आयोजित की गई। बैठक में फोरम की ओर से वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप खरवाड़ा, एसएन कपूर, केएस जम्वाल, चेत राम शर्मा सहित अन्य ने भाग लिया। बैठक के दौरान पैंशनरों से संबंधित विभिन्न लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि सितम्बर 2024 तक भेजी गई लीव इनकैशमैंट ग्रैच्युटी तथा अन्य बकाया राशि की मांगों का भुगतान इसी माह के भीतर कर दिया जाएगा। साथ ही यह भी अवगत करवाया गया कि यदि वित्तीय स्थिति अनुकूल रही, तो अक्तूबर 2024 तक के पैंशनरों की समस्त लंबित देनदारियों का निपटान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त 70 से 75 वर्ष आयु वर्ग के पैंशनरों को संशोधित पैंशन के बकाया राशि का भुगतान इस माह की पैंशन के साथ जारी किया जाएगा। वहीं प्रबंधन ने आश्वस्त किया कि फरवरी 2026 तक प्राप्त हुए सभी मैडीकल बिलों का निपटारा 1-2 दिनों में कर दिया जाएगा। प्रबंधन ने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में पैंशनरों को सेवानिवृत्ति के वित्तीय लाभों का भुगतान चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा तथा इस संबंध में शीघ्र ही एक स्पष्ट नीति बनाई जाएगी।

