Shimla: पांगी में प्राकृतिक जौ की खरीद शुरू, 59 किसानों से 140 क्विंटल की खरीद

punjabkesari.in Saturday, Oct 18, 2025 - 09:43 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार ने चम्बा जिला के पांगी उपमंडल में प्राकृतिक खेती से तैयार जौ की खरीद शुरू कर दी है। प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने यहां बताया कि वर्तमान खरीफ सीजन में अब तक पांगी उपमंडल के 59 किसानों से 140 क्विंटल प्राकृतिक जौ की 60 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से खरीदी की गई है। ग्राम पंचायत हुडान के 11 किसानों से 20 क्विंटल, सुराल के 24 किसानों से 78 क्विंटल, किलाड़ के 7 किसानों से 9 क्विंटल, साच के 7 किसानों से 10 क्विंटल और सेचू पंचायत के 10 किसानों से 23 क्विंटल जौ की खरीद की गई है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल दिवस समारोह के अवसर पर चम्बा जिला के पांगी को राज्य का पहला प्राकृतिक खेती उपमंडल घोषित किया गया था। प्रवक्ता ने कहा कि वर्तमान खरीफ सीजन में 1,473 किसानों से 2371.71 क्विंटल मक्की खरीदने का अनुमान है, जिसके लिए पूरे प्रदेश में 28 संग्रह केंद्र स्थापित किए जाएंगे। कृषि विभाग किसानों से कच्ची हल्दी खरीद रहा है। इसके लिए 1,629 किसानों से 2422.65 क्विंटल प्राकृतिक कच्ची हल्दी 12 संग्रह केंद्रों के माध्यम से खरीदी जाएगी। इस समय सरकार प्राकृतिक गेहूं और जौ पर 60 रुपए प्रति किलोग्राम, मक्की पर 40 रुपए प्रति किलोग्राम और कच्ची हल्दी पर 90 रुपए प्रति किलोग्राम का समर्थन मूल्य प्रदान कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News