हिमाचल में नहीं बढ़ी आऊटसोर्स कर्मचारियों की दिहाड़ी, बजट में हुई थी 25 रुपए वृद्धि की घोषणा

punjabkesari.in Saturday, May 24, 2025 - 07:31 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में आऊटसोर्स कर्मचारियों की प्रतिदिन 25 रुपए दिहाड़ी नहीं बढ़ी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बजट घोषणा में आऊटसोर्स कर्मचारियों को प्रतिदिन 25 रुपए दिहाड़ी यानी मजदूरी की घोषणा की थी, लेकिन इसे लेकर अभी तक आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है। इस संबंध में शनिवार को हिमाचल प्रदेश स्टेट इलैक्ट्रीसिटी बोर्ड आऊटसोर्स इम्प्लाइज यूनियन ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पत्र लिखकर बजट में घोषित न्यूनतम मजदूरी 25 रुपए प्रतिदिन वृद्धि की आधिकारिक अधिसूचना जारी करने की मांग की है।

यूनियन अध्यक्ष अश्वनी कुमार ने कहा कि बिजली बोर्ड के कार्यरत सैंकड़ों आऊटसोर्स कर्मचारी प्रतिदिन 25 रुपए दिहाड़ी बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं लेकिन अभी तक न तो आधिकारिक अधिसूचना जारी हुई है और न ही दिहाड़ी बढ़ी है। इसके अतिरिक्त उन्होंने मांग की कि आऊटसोर्स कर्मचारियों की छंटनी पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि चुनावी घोषणा में कांग्रेस पार्टी ने आऊटसोर्स कर्मचारियों के लिए स्थायी नीति बनाने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक स्थायी नीति नहीं बनी है, ऐसे में इन कर्मचारियों के लिए स्थायी नीति बनाई जाए। इसके अतिरिक्त यूनियन ने मुख्यमंत्री से केंद्र सरकार द्वारा अधिसूचित न्यूनतम मजदूरी दरों को प्रदेश मेें तत्काल प्रभाव लागू करने की मांग की।

दिहाड़ी न बढ़ने से खुद को ठगा-सा महसूस कर रहे कर्मचारी
घोषित दिहाड़ी न बढ़ने पर हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य आऊटसोर्स कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष कमलजीत डोगरा ने कहा कि आऊटसोर्स कर्मचारी न्यूनतम वेतन बढ़ाए जाने के इंतजार में हैं और अपने आप को ठगा-सा महसूस कर रहे हैं, अभी तक सरकार न्यूनतम वेतन बढ़ाए जाने की अधिसूचना नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि बजट में आऊटसोर्स कर्मचारियों की सेवाओं को अनदेखा कर दिया गया और न्यूनतम वेतन में नाममात्र की बढ़ौतरी की गई, जो एक छलावा है।

कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले सदन में मीडिया के माध्यम से आऊटसोर्स के मुद्दे को लेकर बड़े-बड़े वायदे किए थे। सत्ता के सुख भोगने में इतने व्यस्त हैं कि एक बार भी आऊटसोर्स कर्मचारियों के बारे में नहीं सोचा है। उन्होंने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द घोषित 25 रुपए दिहाड़ी बढ़ाए जाने की अधिसूचना जारी करे, ताकि आऊटसोर्स कर्मचारियों को कुछ राहत मिल सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News