Shimla: मुख्य विपक्षी दल के आंदोलन को कुचलना लोकतंत्र की मर्यादा के खिलाफ : सुक्खू
punjabkesari.in Tuesday, Aug 12, 2025 - 09:31 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मुख्य विपक्षी दल के आंदोलन को कुचलना लोकतंत्र की मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि संसद के अंदर और बाहर सवाल पूछना मुख्य विपक्षी दल का अधिकार है। ऐसे में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आरोपों का केंद्र सरकार व चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए। सुखविंदर सिंह सुक्खू यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संविधान की रक्षा के लिए विपक्ष की तरफ से उठाए जाने वाले मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के सवालों के जवाब तोड़-मरोड़कर देना सही नहीं है। उन्होंने कांग्रेस संगठन के गठन और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे प्रश्न के उत्तर में कहा कि इसका अंतिम निर्णय हाईकमान को लेना है। हाईकमान की अनुमति के बाद ही इस दिशा में बात आगे बढ़ेगी।
बादल फटने की घटनाओं में बढ़ौतरी हुई
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बादल फटने की घटनाओं में इस बार बहुत अधिक बढ़ौतरी हुई है। ऐसे में उन्होंने इस विषय को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उठाया है। केंद्रीय मंत्री ने मौसम परिवर्तन के कारण आने वाले इस तरह के बदलाव का अध्ययन करने के लिए केंद्रीय टीम भेजी है। केंद्रीय टीम के अध्ययन के बाद ही ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए प्रभावी पग उठाए जाएंगे।
पहाड़ों में पेड़ गिरने व भूस्खलन की घटनाएं सामान्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ों में पेड़ गिरने व भूस्खलन की घटनाएं सामान्य हैं। उन्होंने कहा कि वह बचपन से इस तरह की घटनाओं को देखते रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की तरफ से वर्षा को लेकर लगातार चेतावनी दी जा रही है, जिसके आधार पर प्रशासन को प्रभावी पग उठाने को कहा गया है।