Shimla: सीएम सुक्खू का बड़ा बयान, बाेले-कांग्रेस अध्यक्ष की ताजपोशी के बाद होगा मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल
punjabkesari.in Friday, Aug 08, 2025 - 06:52 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की ताजपोशी के बाद मंत्रिमंडल विस्तार एवं फेरबदल होगा। इन सभी विषयों को लेकर कांग्रेस हाईकमान से विस्तृत चर्चा हुई है तथा शीघ्र ही नई नियुक्तियां होंगी। उन्होंने पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि उन्हें मंत्रिमंडल सदस्य व अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग में से किसी को नया अध्यक्ष बनाए जाने पर आपत्ति नहीं है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि हाईकमान मंत्री रहते हुए भी किसी नेता को अध्यक्ष पद का दायित्व सौंप सकता है। ये सभी चीजें पाइपलाइन में हैं, जिसमें कुछ समयावधि के बाद निर्णय होगा। इतना अवश्य है कि जो भी कांग्रेस अध्यक्ष बनेगा, वह कांग्रेस लिगेसी को आगे बढ़ाएगा।
क्या सुधीर शर्मा ने पार्टी चेंज करने के 51 लाख दिए
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा विधायक सुधीर शर्मा की तरफ से आपदा प्रभावित लोगों को 51 लाख रुपए देने को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कटाक्ष करते हुए कहा कि क्या यह राशि पार्टी चेंज करने के दिए हैं? ऐसे में यह देखना पड़ेगा कि यह राशि कहां से खर्च की गई?
जयराम बताएं, लॉटरी को लेकर किससे डील हुई
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शब्दों के मायाजाल में उलझाने का प्रयास करते रहते हैं। प्रदेश में लॉटरी शुरू करने के प्रस्ताव को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को नाम लेकर बताना चाहिए कि किससे डील हुई है। ऐसे में कुछ भी कह देने से बात नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि लॉटरी भाजपा शासित राज्य मध्य प्रदेश व गोवा के अलावा माकपा शासित राज्य केरल में भी है।
ड्रीम-11 खेलने वाले लॉटरी भी खेल सकते हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लॉटरी को ऑनलाइन शुरू करने का प्रस्ताव है। यह दुकानों या खोखों में नहीं बिकेगी, बल्कि ऑनलाइन होगी। जिस तरह लोग ड्रीम-11 खेलते हैं, वैसे ही लॉटरी भी खेल सकते हैं। यह लोगों के विवेक पर निर्भर है कि कोई लॉटरी खेलना चाहता है या नहीं।
तिरंगे का अपमान करने पर दर्ज हुई एफआईआर
सीएम ने कहा कि तिरंगे का अपमान करने पर सराज में एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की गाड़ी पर लगे तिरंगे पर भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने जूते फैंके, जिसको सरकार और कांग्रेस पार्टी सहन नहीं करेगी। तिरंगे की खातिर ही इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे नेताओं ने अपनी जान की कुर्बानी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग निर्दोष होंगे, उनको किसी तरह से तंग नहीं किया जाएगा।
भाजपा ने शिक्षा की रैंकिंग गिराई, जॉब ट्रेनी कर रहे गुमराह
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने अंतिम वर्ष में 600 शिक्षण संस्थान खोले लेकिन इसके लिए शिक्षकों एवं गैर-शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की। इसके चलते प्रदेश 21वें स्थान पर पहुंच गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जॉब ट्रेनी पॉलिसी के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहा है। उन्होंने कहा कि 2 वर्ष के अंतराल के बाद पहले की तरह सभी कर्मचारी नियमित होंगे।
5 बिंदुओं पर काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार 5 बिंदुओं पर काम कर रही है। ये बिंदु शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यटन हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिकी को पटरी पर लाने के लिए सरकार की तरफ से इन 5 प्राथमिकताओं के तहत काम किया जा रहा है।
जुब्बड़हट्टी की बजाय संजौली से चलेगी हैली टैक्सी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जुब्बड़हट्टी की बजाय संजौली हैलीपोर्ट से हैली टैक्सी सेवा शुरू होगी। उन्होंने कहा कि संजौली से चंडीगढ़ और रामपुर से चंडीगढ़ उड़ान सेवा शुरू होगी। इसी तरह कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार किया जा रहा है। सरकार ने पर्यटन क्षेत्र में विस्तार के लिए 2,400 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।
सिद्धांतों के तहत दृष्टिहीनों की मांगें मानेंगे
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि सरकार दृष्टिहीनों की मांगों को सिद्धांतों के तहत मानेगी। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि सरकार ने आपदा को लेकर केंद्र सरकार से विशेष राहत पैकेज मांगा है और केंद्र से इसकी भरपाई की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी मंडी में आपदा से हुए नुक्सान का जायजा लेने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौसम परिवर्तन के कारण प्रदेश में बादल फटने की घटनाएं घटित हो रही हैं तथा आने वाले समय में इसकी ऐसी घटनाएं दूसरे राज्यों में भी घटित हो सकती हैं। उन्होंने अवैध कब्जों को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि सरकार की सभी किसान एवं बागवानों के प्रति सहानुभूति है।